बाबतपुर एयरपोर्ट पर विदेशी यात्री के पास मिला प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन, सुरक्षा एजेंसियों ने की पूछताछ
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक विदेशी नागरिक के पास से प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन बरामद किया गया। सीआईएसएफ के जवानों ने नियमित चेकिंग के दौरान सेटेलाइट फोन पकड़ा। उसे पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के साथ ही आईबी और एटीएस की टीम ने यात्री से पूछताछ की। इस दौरान कोई आपराधिक मंशा की पुष्टि न होने पर फोन जब्त करते हुए यात्री को छोड़ दिया गया।
स्विट्जरलैंड निवासी आंद्रे सायरिल न्यूवेंसवांडर अपनी महिला मित्र के साथ भारत भ्रमण पर आए थे। वाराणसी प्रवास के बाद वह एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-696 से मुंबई जाने वाले थे। सुरक्षा जांच के दौरान उनके बैग से एक सैटेलाइट फोन मिला, जो भारत में बिना पूर्व अनुमति प्रतिबंधित श्रेणी में आता है।
मामले की सूचना मिलने पर विदेशी नागरिक को थाना फूलपुर पुलिस के सुपुर्द किया गया। वहां इंटेलिजेंस ब्यूरो, उत्तर प्रदेश एटीएस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से विस्तृत पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक तथ्य सामने नहीं आया।
सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद सैटेलाइट फोन को विधिवत जब्त कर लिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ पूर्ण होने तथा किसी आपराधिक मंशा के प्रमाण न मिलने पर संबंधित विदेशी नागरिक को नियमानुसार छोड़ दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच लगातार सख्ती से की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो सके।

