बीएचयू में विदेशी नागरिक सीखेंगे पुरोहिताई, सत्यनारायण कथा से विवाह संस्कार कराने तक की मिलेगी शिक्षा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से अब विदेशी नागरिक भी रूबरू होंगे। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के भारत अध्ययन केंद्र की ओर से संचालित पुरोहित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में इस बार सत्यनारायण कथा, जनेऊ और विवाह संस्कार को भी शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इन धार्मिक अनुष्ठानों की केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि उनकी प्रायोगिक ट्रेनिंग भी कराई जाएगी। इसमें भारतीय मूल के विदेशी नागरिक हिस्सा लेंगे।

भारत सरकार की ओर से सत्र 2026-27 के लिए भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस पाठ्यक्रम में फिजी, त्रिनिदाद-टोबैगो, मॉरीशस समेत कई देशों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. शरदिंदु तिवारी के अनुसार, पाठ्यक्रम की पहली ऑनलाइन कक्षाएं 17 नवंबर से 11 दिसंबर तक संचालित होंगी। इसके बाद 21 दिसंबर से 16 जनवरी 2027 तक बीएचयू परिसर में ऑफलाइन कक्षाएं चलेंगी। दूसरा ऑनलाइन मॉड्यूल एक से 25 फरवरी 2027 तक आयोजित होगा।

प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को हिंदू धार्मिक परंपराओं, कर्मकांडों और पुरोहिताई से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। वैदिक ब्राह्मण परंपरा के अनुसार पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार, पवित्र वस्तुओं का उपयोग, अग्निकुंड में हवन सामग्री डालकर पूजा कराने की विधि, अग्निपूजा और पूर्णाहुति का अभ्यास कराया जाएगा। प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों में से ही किसी एक को यजमान बनाकर पूजा की प्रक्रिया समझाई जाएगी।

इस पाठ्यक्रम का संचालन बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र के साथ भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) और भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) नेटवर्क के सहयोग से किया जा रहा है। इसके लिए 18 से 45 वर्ष तक के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदकों को देवनागरी लिपि का बुनियादी ज्ञान और कंप्यूटर चलाने की जानकारी होना अनिवार्य है।

प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के परिसर में रहने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही आने-जाने के लिए इकोनॉमी क्लास का हवाई टिकट भी उपलब्ध कराया जाएगा। पिछले वर्ष शुरू हुए इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना तथा उन्हें पुरोहिताई के कौशल में प्रशिक्षित करना है।

BK Pathak
BK Pathak

21709 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story