रेलवे कॉलोनियों में अब पीएनजी से बनेगा खाना, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल और गेल इंडिया लिमिटेड के बीच एमओयू, कर्मचारियों को मिलेगा सुरक्षित और किफायती ईंधन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की रेलवे कॉलोनियों में अब घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे आवासों में अब पीएनजी से खाना बनाया जा सकेगा। इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल और गेल इंडिया लिमिटेड के बीच बुधवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष जैन की मौजूदगी में हुए इस समझौते पर पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) विक्रम सिंह तथा गेल इंडिया लिमिटेड, वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत रेलवे की विभिन्न कॉलोनियों में रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षित, विश्वसनीय, पर्यावरण-अनुकूल तथा सुविधाजनक पीएनजी गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इससे रसोई गैस सिलेंडरों पर निर्भरता कम होगी और उपभोक्ताओं को नियमित एवं निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही पारदर्शी मीटर आधारित बिलिंग व्यवस्था लागू होने से उपभोक्ताओं को वास्तविक उपयोग के अनुसार भुगतान करना होगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस पहल से रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था अधिक आधुनिक एवं सुगम बनेगी। गेल इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने बताया कि पीएनजी से उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के भंडारण, बुकिंग और समय-समय पर सिलेंडर बदलने जैसी असुविधाओं से भी मुक्ति मिलेगी। यह व्यवस्था सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ दैनिक जीवन को भी अधिक आसान बनाएगी।

Share this story