अस्सी घाट पर फूड प्लाजा, सिगरा शहीद उद्यान में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी, मेयर ने 5.92 करोड़ की परियोजनाओं की रखी नींव

वाराणसी। शहरवासियों को बुनियादी सुविधा देने के उद्देश्य से महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर निगम के माध्यम से 5.92 करोड़ की लागत से कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। अस्सी घाट पर फूड प्लाजा बनेगा। वहीं सिगरा शहीद उद्यान में डिजिटल लाइब्रेरी की शुरुआत होगी। इन परियोजनाओं में पेयजल, सड़क, डिजिटल शिक्षा और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने वाले कार्य शामिल हैं।
अलईपुर (वार्ड 60) में नलकूप और पाइपलाइन विस्तार कार्य का शिलान्यास किया गया। इस परियोजना पर 87.65 लाख की लागत आएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। सिगरा (वार्ड 10) शहीद उद्यान परिसर में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना हेतु 1.50 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास किया गया। यह सुविधा युवाओं और विद्यार्थियों को आधुनिक ज्ञान संसाधन उपलब्ध कराएगी।
इसी तरह दुर्गाकुंड (वार्ड 25) में एक बड़े नलकूप और एक मिनी नलकूप (दोनों रिबोरिंग कार्य) के लिए 2.35 करोड़ की परियोजना शुरू की गई, जिससे स्थानीय जल संकट दूर होने की उम्मीद है। अस्सी घाट (वार्ड 75, शिवाला) में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फूड प्लाजा के निर्माण की परियोजना का शिलान्यास हुआ, जिसकी लागत 2.03 करोड़ है। वहीं कादीपुर खुर्द (वार्ड 77) में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से 3.55 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग व सड़क निर्माण का कार्य कराया जाएगा।
इस मौके पर महापौर के साथ विवेक प्रवीण राय, सिंधु सोनकर, अमरेश गुप्ता, सुरेश चौरसिया, अमित सिंह ‘चिंटू’, रविंदर सिंह, अक्षयवर सिंह, मंडल अध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ता, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।