कोहरे का असर : विमानों की लेटलतीफी शुरू, देर से पहुंच रही फ्लाइट, यात्रियों को परेशानी
वाराणसी। ठंड और कोहरे का असर अब विमान सेवाओं पर पड़ने लगा है। बाबतपुर एयरपोर्ट पर विमानों के देर से पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। दिल्ली और शारजाह से आने वाले विमान देरी से एयरपोर्ट पर पहुंचे। रोजाना लगभग आधा दर्जन विमान लेट हो रहे हैं। इसके चलते यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इंडिगो एयरलाइंस का विमान संख्या 6ई5123 मुंबई से 41 मिनट की देरी से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। दिल्ली से वाराणसी आने वाला एयर इंडिया का विमान निर्धारित समय से देरी से पहुंचा। वहीं दूसरा विमान 1.58 घंटे की देरी से पहुंचा। भुवनेश्वर से वाराणसी आने वाली फ्लाइट भी 47 मिनट की देरी से पहुंची।
बोर्डिंग एयरपोर्ट से विमान देरी से चल रहे हैं। ऐसे में गंतव्य तक विलंब से पहुंच रहे हैं। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।

