कैंट स्टेशन के आसपास यात्रियों को परेशान करने वाली पांच महिलाएं गिरफ्तार, शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। यात्रियों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सिगरा पुलिस ने शनिवार को कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रियों और राहगीरों को परेशान करने तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के आरोप में पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने सभी महिलाओं से पूछताछ शुरू कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।

 

थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के निर्देशन में तथा रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन परिसर, रोडवेज क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए यात्रियों को परेशान करने की शिकायतों के आधार पर पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया।

देखें वीडियो
 

123

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाराणसी का कैंट रेलवे स्टेशन पूर्वांचल के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी आते-जाते हैं। ऐसे में स्टेशन परिसर और उसके आसपास सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

 

सिगरा पुलिस के अनुसार, स्टेशन परिसर में यात्रियों से जबरन संपर्क करने, उन्हें परेशान करने, अव्यवस्था फैलाने या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों और यात्रियों से भी अपील की है कि यदि स्टेशन परिसर या किसी सार्वजनिक स्थान पर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन या निकटतम पुलिसकर्मी को दें।

Share this story