बीएचयू छात्रावास में बवाल पत्थरबाजी में पांच नामजद और अन्य पर मुकदमा, घायल सुरक्षाकर्मी का चल रहा इलाज
वाराणसी। बीएचयू के बिरला-ए छात्रावास में देर रात हुई पत्थरबाजी की घटना ने परिसर का माहौल तनावपूर्ण कर दिया। इस मामले में विश्वविद्यालय के प्राक्टोरियल बोर्ड की ओर से लंका थाना में पांच नामजद छात्रों समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह कार्रवाई ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी परमहंस यादव की लिखित शिकायत के आधार पर की गई।

बीती रात अचानक छात्रावास परिसर में कुछ छात्रों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जो देखते ही देखते उग्र रूप ले गई। इसी दौरान कुछ युवकों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसकी चपेट में आकर सुरक्षाकर्मी परमहंस यादव घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राक्टोरियल बोर्ड ने पूरी घटना की रिपोर्ट तैयार कर पुलिस को सौंप दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। लंका थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि सुरक्षा गार्ड की तहरीर पर ओम शुक्ला, समर्थ शर्मा, प्रियांश, प्रनव और हिमांशु सहित अन्य अज्ञात छात्रों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 126(2), 132, 121(1), 191(2), 193(3) और 115(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि पत्थरबाजी में शामिल अन्य छात्रों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

