प्रतिबंधित मांझे के दुकानदारों के साथ खरीदने और उड़ाने वालों पर भी होगी FIR, दुर्गा पूजा पंडालों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती
पुलिस आयुक्त ने राजपत्रित अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
22, 24 और 25 अक्टूबर के एयर शो के लिए सुरक्षा व ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश
एमएलसी निर्वाचन के लिए 21 मतदान केंद्रों और 102 मतदेय स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
एयर शो में भीड़ नियंत्रण के लिए डबल बैरियरिंग, सीसीटीवी, वॉच टावर और अलग-अलग प्रवेश-निकास की व्यवस्था
आपात स्थिति में अस्पतालों तक ग्रीन कॉरिडोर, जल पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की रहेगी व्यवस्था
वाराणसी। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री, खरीद और इस्तेमाल के खिलाफ वाराणसी पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। मांझा बेचने, खरीदने अथवा इससे पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को कैंप कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में मिशन शक्ति 6.0, वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन-2026, आगामी एयर शो और यातायात व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई।
मांझे के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
पुलिस आयुक्त ने प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर विधिक कार्रवाई की जाए। अभियान के दौरान मांझे की बिक्री करने वालों के साथ इसका इस्तेमाल करने वालों पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नवरात्र में महिला सुरक्षा पर जोर
मिशन शक्ति 6.0 के तहत नवरात्र के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। प्रमुख धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों, मेलों और सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिस की प्रभावी तैनाती की जाएगी। महिला चौपाल, जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए हेल्पलाइन, मिशन शक्ति केंद्रों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
एमएलसी चुनाव में 21 केंद्रों पर सुरक्षा
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर जिले में चिह्नित 21 मतदान केंद्रों और 102 मतदेय स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने जोन और सेक्टरवार पुलिस बल की तैनाती, फ्लाइंग स्क्वॉड (एफएसटी) तथा वीडियो सर्विलांस टीम (वीएसटी) की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी, चेकिंग और निरंतर गश्त के साथ निर्वाचन संबंधी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
एयर शो के लिए तीन स्तरीय ट्रैफिक प्लान
22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर रूट, पार्किंग, होल्डिंग एरिया, बैरियरिंग और डायवर्जन की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। भीड़ प्रबंधन के लिए घाटों पर प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते, डबल बैरियरिंग, वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे, पीए सिस्टम और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की जाएगी।
यातायात सुचारु रखने के लिए प्लान-ए, प्लान-बी और प्लान-सी के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से वाहनों का संचालन किया जाएगा। भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने तथा रिंग रोड और एनएच-19 के माध्यम से यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। आपात स्थिति में अस्पतालों तक ग्रीन कॉरिडोर बनाने के साथ जल पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।
अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी वरुणा जोन राजेश कुमार पांडेय, डीसीपी गोमती जोन नीतू, डीसीपी मुख्यालय एवं अपराध विनीत भटनागर सहित संबंधित राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।

