BHU में बिरला हॉस्टल के सामने फायरिंग, धरने पर बैठे छात्र, कई थानों की फोर्स पहुंची
वाराणसी। बीएचयू में बिरला हॉस्टल के सामने शनिवार की रात फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित छात्र सड़क पर धरने पर बैठ गए। आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन को मामले की जानकारी थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। छात्र चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहे। मौके पर कई थानों की फोर्स तैनात रही।

धरने पर बैठे बीए तृतीय वर्ष के छात्र रोशन मिश्रा ने बताया कि वह और उनके मित्र शनिवार की रात हॉस्टल के गेट पर बात कर रहे थे। उसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर आरोपी पहुंचे और उन्हें लक्ष्य कर चार राउंड फायरिंग की। उन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई। अचानक गोली की आवाज सुनकर खलबली मच गई। सुरक्षाकर्मी भी भाग खड़े हुए।

उन्होंने बताया कि इसकी आशंका पहले से थी। इसको लेकर चीफ प्रॉक्टर को पहले ही अवगत कराया गया था। वहीं वार्डेन के माध्यम से बोर्ड को भी इसकी जानकारी दी गई थी। चीफ प्रॉक्टर ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं उनके खिलाफ ही जांच बैठा दी गई। घटना से आक्रोशित छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। विश्वविद्यालय में छात्रों के धरने और हंगाने की सूचना के बाद कई थानों की फोर्स बुला ली गई।

