रामनगर किले के पास पटाखे की चिंगारी से लगी आग, अंडरग्राउंड बिछाने के लिए रखी पाइपें खाक, सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो युवक
वाराणसी। रामनगर किले के मुख्य द्वार के पास शुक्रवार रात पटाखे से लगी आग ने लाखों रुपये की प्लास्टिक पाइपों को जलाकर राख कर दिया। काशीराज परिवार की खाली जमीन पर जमा कूड़े में लगी आग देखते ही देखते विकराल हो गई और पास में रखी भूमिगत बिजली लाइन बिछाने में इस्तेमाल होने वाली पाइपों तक पहुंच गई। रात करीब आठ बजे हुई इस घटना से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बड़ी मात्रा में पाइप जलकर नष्ट हो चुकी थीं।
किले के मुख्य द्वार के बायीं ओर करीब पांच फीट ऊंची बाउंड्री से घिरी काशीराज परिवार की खुली जमीन पर लंबे समय से कूड़े का ढेर लगा हुआ था। इसी के पास रामनगर की गलियों में भूमिगत बिजली के तार बिछाने का काम कर रही कार्यदायी संस्था एलएंडटी की प्लास्टिक पाइप रखी गई थीं। शुक्रवार शाम कूड़े में आग लगने के बाद तेज लपटें उठने लगीं। हवा के साथ आग फैलती हुई पास में रखी पाइपों तक पहुंच गई। प्लास्टिक की पाइपों ने आग तेजी से पकड़ ली, जिससे कुछ ही देर में पूरा ढेर इसकी चपेट में आ गया।
सीसीटीवी फुटेज में पटाखे से आग लगाते दिखे युवक
काशीराज परिवार के सुरक्षा अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि किले के मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो युवक पटाखे से आग लगाते दिखाई दे रहे हैं। इस संबंध में थाने में तहरीर दी गई है। उधर, कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों के मुताबिक आग में लाखों रुपये की पाइप जलकर नष्ट हो गई हैं। इनका इस्तेमाल भूमिगत बिजली के तार बिछाने के कार्य में किया जाना था। कंपनी की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी जाएगी। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

