लल्लापुरा में सिलेंडर विस्फोट से दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक दो मंजिला मकान में अचानक एलपीजी सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और घटना की सूचना तत्काल पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को दी गई। फायरब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। 

123

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

सूचना मिलने के बाद सिगरा पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लेकिन मकान संकरी गली में स्थित होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अग्निशमन कर्मियों को आग तक पहुंचने और उस पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

करीब तीन घंटे तक चले अभियान के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। इस दौरान आसपास के मकानों को भी खाली करा दिया गया था ताकि आग अन्य घरों तक न फैल सके। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की मदद की।

परिजनों ने बताया कि आग लगने की घटना में घर का अधिकांश सामान नष्ट हो गया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर एलपीजी सिलेंडर विस्फोट को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Share this story