नमो घाट पर फास्ट फूड की दुकान में सिलेंडर से लगी आग, हजारों का नुकसान
वाराणसी। नमो घाट फेज-2 स्थित एक फास्ट फूड की दुकान में शुक्रवार देर रात गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि आसपास मौजूद दुकानदारों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
चंदौली निवासी आर्यन तिवारी नमो घाट पर फास्ट फूड की दुकान संचालित करते हैं। शुक्रवार रात वह इडली-सांभर तैयार करने के लिए चूल्हे पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर के रेगुलेटर से आग की लपटें निकलने लगीं। कुछ ही पलों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। उनकी तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी। आग लगने से दुकान में रखा सामान, फर्नीचर, काउंटर और अन्य उपकरण जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

