वाराणसी दौरे पर एक्शन मोड में दिखे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, विकास कार्यों से लेकर जनसुनवाई तक परखी व्यवस्थाएं
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान विकास कार्यों, जनसुविधाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की। निरीक्षण, समीक्षा बैठकों और जनसुनवाई के माध्यम से उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कार्यों की गुणवत्ता तथा समयबद्धता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
रामनगर पहुंचने पर वित्त मंत्री ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने एक मलिन बस्ती तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप स्थित गलियों का स्थलीय निरीक्षण कर स्वच्छता, पेयजल, जल निकासी, सड़क और प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद सर्किट हाउस में वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभागीय कार्यों और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध तरीके से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव और अजगरा विधायक त्रिभुवन राम भी उपस्थित रहे।
वित्त मंत्री ने सिगरा स्थित महापौर अशोक तिवारी के आवास पर आयोजित भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में भी भाग लिया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, विकास कार्यों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। इसमें मंत्री रविन्द्र जायसवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला अध्यक्ष रामसकल पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान सुरेश खन्ना ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही का महत्वपूर्ण माध्यम है और प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता के साथ सुना जाना चाहिए।
इसके उपरांत उन्होंने सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली पर निर्माणाधीन म्यूजियम और सभा स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
अपने दौरे के अंतिम चरण में वित्त मंत्री काशी विद्यापीठ ब्लॉक पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक योजना की नियमित मॉनिटरिंग हो, पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले और विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
सुरेश खन्ना ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ जनता की समस्याओं का समय पर समाधान, गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य और योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी क्रियान्वयन है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी संवेदनशीलता, ईमानदारी और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

