वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने शनिवार को वाराणसी स्थित प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे। मंत्री ने एक-एक कर सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। उन्होंने भी लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समाधान सुनिश्चित कराने की बात कही।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, सड़क, जलापूर्ति, विद्युत, पेंशन, आवास, चिकित्सा, नगर निगम तथा अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और सुशासन उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशील है और प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है कि वह जनता की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करे।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता न बने, बल्कि शिकायतों के समाधान की नियमित निगरानी भी की जाए ताकि लोगों को वास्तविक राहत मिल सके।
जनसुनवाई के बाद कई फरियादियों ने अपनी समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लिए जाने पर संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि उनकी शिकायतों का जल्द समाधान होगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

