फरक्का एक्सप्रेस 10 घंटे तक विलंबित, दिल्ली रूट की कई ट्रेनें प्रभावित
वाराणसी। परिचालन कारणों से मंगलवार को दिल्ली रूट की कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। सबसे अधिक असर बांदा–बलरामपुर फरक्का एक्सप्रेस पर पड़ा, जो करीब 10 घंटे तक विलंबित रही। ट्रेन के लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और नई दिल्ली–बलिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस करीब छह-छह घंटे की देरी से वाराणसी पहुंचीं। नई दिल्ली-बनारस शिवगंगा एक्सप्रेस 5.20 घंटे, जबकि चंडीगढ़-पटलीपुत्र सुपरफास्ट एक्सप्रेस लगभग पांच घंटे देरी से आई। जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस भी चार घंटे विलंब से पहुंची।
अन्य प्रभावित ट्रेनों में दादर सेंट्रल-बलिया स्पेशल 3.15 घंटे, ग्वालियर-वाराणसी बुंदेलखंड एक्सप्रेस 2.15 घंटे, नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस 2.10 घंटे और जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस 2.25 घंटे देरी से चली। इसी तरह इंदौर-पटना एक्सप्रेस 2.10 घंटे तथा हावड़ा-प्रयागराज रामबाग विभूति एक्सप्रेस 2.05 घंटे विलंबित रही।
ट्रेनों के देर से पहुंचने और चलने के कारण प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। कई यात्रियों ने लंबा इंतजार किया, तो कुछ को अपनी आगे की यात्राओं में भी बदलाव करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार परिचालन कारणों से अस्थायी रूप से ट्रेनों की समय-सारिणी प्रभावित हुई, जिसे सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

