वाराणसी एयरपोर्ट के आगमन हॉल में अचानक गिरी फॉल्स सीलिंग, मची अफरा-तफरी
वाराणसी। बाबतपुर एयरपोर्ट के आगमन हॉल में रविवार सुबह अचानक फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय उसके नीचे कोई यात्री या कर्मचारी मौजूद नहीं था। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आगमन हॉल में फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। बताया गया कि इस दौरान यात्री एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे थे। संयोग से सीलिंग गिरने के स्थान पर कोई यात्री नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय एयरपोर्ट के आगमन हॉल में यात्रियों की आवाजाही थी। इनमें कुछ विदेशी पर्यटक भी शामिल थे। अचानक ऊपर लगी फॉल्स सीलिंग का हिस्सा गिरने से यात्रियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई। एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
बताया गया कि फॉल्स सीलिंग के जिस हिस्से से घटना हुई, वहां कुछ समय से मरम्मत और सफाई का काम चल रहा था। संयोग से सफाईकर्मी उस समय वहां मौजूद नहीं था। एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर गिरे हुए हिस्से को हटवाने और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों के मुताबिक घटना में किसी यात्री या कर्मचारी को चोट नहीं आई है। हालांकि, आगमन हॉल जैसे महत्वपूर्ण यात्री क्षेत्र में फॉल्स सीलिंग गिरने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

