वाराणसी में पकड़ा गया फर्जी दरोगा, वर्दी पहनकर घूम रहा था, पूछताछ में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के मुर्दहा में पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति वर्दी पहनकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने फोन के माध्यम से पुलिस को दी, जिसके बाद चोलापुर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राजन प्रजापति के रूप में हुई है। 

थाना प्रभारी चोलापुर ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति से गहन पूछताछ की जा रही है। उसके पास मौजूद पहचान पत्र, नियुक्ति संबंधी दस्तावेज और अन्य अभिलेखों की जांच की जा रही है। पुलिस यह सत्यापित कर रही है कि वह वास्तव में पुलिस विभाग का कर्मचारी है या फिर फर्जी तरीके से पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को भ्रमित कर रहा था।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला फर्जी पुलिसकर्मी का है या किसी अन्य कारण से वर्दी पहनी गई थी। अधिकारियों ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story