वाराणसी में फर्जी जॉब रैकेट का खुलासा, कॉल सेंटर से छह लोग हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी करने वाले एक कॉल सेंटर का पुलिस ने खुलासा किया है। नई बाजार इलाके में चल रहे इस कथित कॉल सेंटर पर मंगलवार सुबह पुलिस ने छापेमारी कर छह लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस को आशंका है कि यहां बेरोजगार युवाओं को अच्छी नौकरी का झांसा देकर उनसे पैसे वसूले जा रहे थे।

े

डीसीपी को मिली थी ठगी की शिकायत
जानकारी के अनुसार डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार को शिकायत मिली थी कि नई बाजार क्षेत्र में कुछ लोग कॉल सेंटर की आड़ में युवाओं के साथ ठगी कर रहे हैं। आरोप था कि युवाओं को आकर्षक नौकरी का लालच देकर उनसे रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर रकम ली जा रही थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए।

े

एसीपी और थाना प्रभारी की टीम ने की कार्रवाई
डीसीपी के निर्देश पर एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना और थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी की टीम ने मंगलवार सुबह नई बाजार स्थित कथित कॉल सेंटर पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।

े

बेरोजगार युवाओं को बनाया जा रहा था निशाना
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कॉल सेंटर की आड़ में एक कथित सिंडीकेट संचालित किया जा रहा था। यह गिरोह बेरोजगार युवाओं को बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने का भरोसा देता था और फिर उनसे अलग-अलग नामों पर पैसे वसूलता था। सूत्रों के मुताबिक यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था और कई युवाओं को अपना शिकार बना चुका है।

दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कब्जे में
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई दस्तावेज, मोबाइल फोन, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में लिए हैं। इन सभी की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ठगी का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें कितने लोग शामिल हैं।

पूछताछ के बाद हो सकता है बड़ा खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। जांच के बाद पूरे नेटवर्क और ठगी के तरीके का खुलासा किया जाएगा। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों या राज्यों से जुड़े हैं या नहीं।

Share this story