वाराणसी में फर्जी आर्मी अफसर गिरफ्तार, एसटीएफ ने ब्रिज एनक्लेव के पास से दबोचा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में खुद को आर्मी अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करने वाले एक शख्स को यूपी एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धर्मेंद्र पांडेय के रूप में हुई है। गिरफ्तारी सुंदरपुर के निकट ब्रिज एनक्लेव कॉलोनी से की गई। 

जानकारी के अनुसार पकड़ा गया आरोपी खुद आर्मी इंटेलीजेंस का अफसर बनकर अपने मंसूबों को सफल करने में जुटा था। स्थानीय सेना की खुफिया इकाई के इनपुट पर एसटीएफ की टीम ने इसे दबोचा है।

एसटीएफ की कार्रवाई में हुआ खुलासा
यूपी एसटीएफ को आरोपी की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसके फर्जी आर्मी अधिकारी होने का खुलासा हुआ।

फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेज बरामद
पकड़े गए आरोपी के पास से सेना का फर्जी परिचय पत्र, दो पैन कार्ड और अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर वह लोगों को अपने झांसे में ले रहा था।

जांच में जुटी एजेंसियां
एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से इस फर्जीवाड़े में शामिल था और उसने कितने लोगों को ठगा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति की पहचान और दावे की जांच-पड़ताल जरूर करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

Share this story