बारिश में भी नहीं डिगी आस्था, बाबा लाट भैरव का हुआ तिलकोत्सव, 101 थालों में सजी तिलक सामग्री के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी की धार्मिक परंपराओं में विशेष स्थान रखने वाले अनादिकालेश्वर बाबा श्री कपाल भैरव यानी लाट भैरव का तिलकोत्सव बुधवार की मध्यरात्रि श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। तेज बारिश भी भक्तों की आस्था को डिगा नहीं सकी। बैंड-बाजे, डमरू दल और डीजे की धुन पर थिरकते श्रद्धालु तिलक सामग्री लेकर विशेश्वरगंज सब्जी मंडी पहुंचे, जहां बाबा के मस्तक पर तिलक चढ़ाया गया।

श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के तत्वावधान में आयोजित तिलकोत्सव के लिए कज्जाकपुरा स्थित मंदिर परिसर में देर शाम से ही तिलक सामग्रियों से सजे थाल और परात सजने लगे। भव्य आरती के बाद श्रद्धालु पारंपरिक तरीके से तिलक सामग्री सिर पर रखकर वाहनों तक पहुंचे। बारिश के कारण शोभायात्रा कुछ देर से रवाना हुई, लेकिन भक्तों का उत्साह बना रहा।

123

101 थालों में सजी तिलक सामग्री
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गणेश प्रतिमा और पीले अक्षत से सजी परात सिर पर धारण कराकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। तिलक सामग्री में पांच प्रकार के फल, विभिन्न नैवेद्य, वस्त्राभूषण, पुष्पहार, दही, खोवे की मछली, कारन और बनारसी पान सहित अन्य पूजन सामग्री शामिल रही। 101 थालों के साथ धर्म ध्वजा, बैंड-बाजा, डमरू दल और डीजे शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे।

123

शोभायात्रा जलालीपुरा, तेलियाना, हनुमान फाटक, बलुआबीर, अंबियामंडी, कतुआपूरा, जतनबर और भैरवनाथ चौराहा होते हुए विशेश्वरगंज सब्जी मंडी पहुंची। यहां समिति के उपाध्यक्ष बसंत सिंह राठौर ने तिलकहरुओं का आलिंगन कर स्वागत किया।

123

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चढ़ाया तिलक
विशेश्वरगंज स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में विराजमान बाबा लाट भैरव के भव्य रजत मुखौटे की आभा देखते ही बनी। आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच समिति अध्यक्ष एवं पार्षद रोहित जायसवाल ने बाबा के मस्तक पर तिलक चढ़ाया। भैरवाष्टक और भैरव स्तुति के साथ तिलकोत्सव संपन्न हुआ। बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। दोपहर से आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूड़ी, सब्जी, चटनी और खीर का प्रसाद ग्रहण किया। गुरुवार को क्षेत्रीय महिलाएं बाबा को हल्दी अर्पित करेंगी।

123

आयोजन में इनका रहा योगदान
तिलक संयोजक नंदलाल प्रजापति, प्रधानमंत्री मुन्नालाल यादव, कोषाध्यक्ष छोटन केशरी, मंत्री विक्रम सिंह राठौर, मीडिया प्रभारी शिवम अग्रहरि सहित बच्चे लाल, सुशील जायसवाल, घनश्याम, निक्की जायसवाल, हिमांशु अग्रहरि, रवि कुशवाहा, अंकित, आशीष कुशवाहा, नागेंद्र सिंह, नवीन कुमार, कृष्णा और करन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Share this story