बरेका इंटर कॉलेज में तिरंगे के रंग में रंगे चेहरे, बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के गुर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के इंटर कॉलेज में गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत फेस पेंटिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य अशोक कुमार माहेश्वरी के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षकों और सहपाठियों के चेहरों पर तिरंगे की पेंटिंग बनाकर देशभक्ति का संदेश दिया। कला अध्यापक रवि शंकर और जान मोहम्मद अंसारी के निर्देशन में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’, ‘जय हिंद’ और ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ जैसे नारों से विद्यालय परिसर गुंजायमान कर दिया। इस दौरान राष्ट्रीय भक्ति से जुड़े पोस्टर और मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। विकास कुमार पांडेय, काजोल वाल्मीकि, करुणा सिंह और चंद्र मोहन यादव ने कविताओं व भाषण के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई।

123

बालिका सुरक्षा पर दी जानकारी
इसी क्रम में बालिका सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रोहनिया के नेतृत्व में मंडुआडीह थाना पुलिस की टीम ने कक्षा 11 और 12 की छात्राओं को सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। छात्राओं को साइबर अपराध, महिला अपराध, घरेलू हिंसा तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में जागरूक किया गया।

123

पुलिस टीम ने महिला हेल्पलाइन 1090, 1091 और 181 की उपयोगिता बताई तथा साइबर अपराध से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी। छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब दिया। अपराध की स्थिति में त्वरित कानूनी सहायता के लिए स्थानीय हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई। प्राचार्य अशोक कुमार माहेश्वरी ने पुलिस टीम का स्वागत करते हुए छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए आभार जताया।

Share this story