15 दिन बाद भी नहीं पकड़ा गया सीवर में बोरा डालने वाला, बारिश में फिर डूबा शिवाला
हल्की बारिश में सड़क-गलियों में जलजमाव, युवा कांग्रेस ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
वाराणसी। शिवाला क्षेत्र में हल्की बारिश के बाद एक बार फिर सड़क और गलियों में जलजमाव हो गया। कुछ दिन पहले सीवर लाइन में बोरा फंसा मिलने के बाद जलनिकासी बाधित होने की बात सामने आई थी। बोरा निकालने के बाद जलभराव की समस्या दूर होने का दावा किया गया था, लेकिन बारिश के बाद दोबारा पानी भरने से जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने आरोप लगाया कि सीवर में बोरा डाले जाने की घटना को 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक यह पता नहीं चल सका कि बोरा किसने डाला था। उन्होंने कहा कि यदि सीवर में जानबूझकर बोरा डालकर जलनिकासी बाधित की गई थी तो जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग
चंचल शर्मा ने कहा कि शिवाला प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में आता है। क्षेत्र में पुलिस, नगर निगम और स्मार्ट सिटी की निगरानी व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसके बावजूद अब तक सीवर में बोरा डालने वाले की पहचान नहीं होना सवाल खड़ा करता है। उन्होंने उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान और कार्रवाई की मांग की।
बोरा निकलने के बाद फिर क्यों भरा पानी
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कुछ दिन पहले सीवर में बोरा मिलने को जलभराव का प्रमुख कारण बताया गया था। बोरा निकालने के बाद समस्या के समाधान की बात कही गई थी। ऐसे में हल्की बारिश में दोबारा शिवाला की सड़क और गलियों में पानी भरना इस ओर संकेत करता है कि जलनिकासी व्यवस्था में कोई अन्य तकनीकी समस्या भी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि केवल सीवर से बोरा निकालना स्थायी समाधान नहीं है। क्षेत्र की सीवर और जलनिकासी व्यवस्था की तकनीकी जांच कर जलभराव के मूल कारण का पता लगाना जरूरी है। चंचल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से इस समस्या को लगातार उठाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय भी शिवाला पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने भी सीवर में बोरा डालने वाले की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की थी।
चंचल शर्मा ने नगर निगम से शिवाला की जलनिकासी व्यवस्था की तकनीकी जांच कराने, सीवर में बोरा डालने के मामले में फुटेज खंगालकर जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बार-बार आश्वासन के बजाय ऐसी व्यवस्था चाहिए, जिससे बारिश के दौरान सड़कों और गलियों में जलजमाव की स्थिति दोबारा न बने।

