वाराणसी पहुंचे ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, निर्बाध बिजली आपूर्ति के दिए निर्देश, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था परखी
वाराणसी। प्रदेश के ऊर्जा और नगर विकास मंत्री एके शर्मा शनिवार शाम वाराणसी पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण और विभागीय विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब ट्रांसफॉर्मरों के शीघ्र प्रतिस्थापन तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मरों की क्षमतावृद्धि जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने संकटमोचन इलाके में भ्रमण कर रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया।

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए विद्युत सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा के दौरान बिजली से संबंधित कोई दुर्घटना न हो।

बैठक के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वच्छ काशी की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में संकट मोचन मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में चल रहे रात्रिकालीन सफाई अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई मित्रों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और शहर की स्वच्छता बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता और विद्युत व्यवस्था दोनों क्षेत्रों में बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए।




