कांवड़ यात्रा मार्गों से हटेगा अतिक्रमण, सुरक्षा के लिए अतिरिक्त फोर्स रहेगी तैनात, पुलिस आयुक्त ने देखी तैयारी
वाराणसी। आगामी श्रावण मास में लाखों कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को स्वयं शहर की सड़कों पर उतरकर प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने चाँदपुर चौराहा, बौलिया तिराहा, लहरतारा, कैंट स्टेशन, चौकाघाट, आंध्रापुल तथा शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने यातायात की स्थिति, सुरक्षा इंतजाम और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

चाँदपुर चौराहे से बौलिया तिराहे तक निर्माणाधीन सर्विस लेन का निरीक्षण करते हुए पुलिस आयुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों और अन्य लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कांवड़ मार्गों पर निर्बाध यातायात बनाए रखने के लिए अवैध बस स्टैंड, अनधिकृत वाहन पार्किंग और सड़क पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेला-खुमचा संचालकों और दुकानदारों द्वारा सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस आयुक्त ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख चौराहों और कांवड़ यात्रियों की आवाजाही वाले संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पर्याप्त बैरिकेडिंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट दिशा संकेतक, आपातकालीन सहायता व्यवस्था और त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

इसके अलावा उन्होंने प्रमुख मार्गों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के आसपास संदिग्ध, अनैतिक और विधि-विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन लिपि नागयाच, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां सहित संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

