रामनगर की रामलीला में आया हाथी हुआ बेकाबू, महावत को पटका, पुलिस ने मार्ग पर आवागमन कराया बंद
वाराणसी। रामनगर के पंचवटी मैदान में रविवार को रामलीला के लिए आया हाथी अचानक बेकाबू हो गया। हाथी ने अपने महावत को पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महावत को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने एहतियातन पंचवटी मैदान और आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोक दी।

हाथी के अचानक उग्र होने से लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराकर प्रभावित क्षेत्र में लोगों का प्रवेश बंद करा दिया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय निवासियों और रामलीला देखने आए श्रद्धालुओं को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी। साथ ही लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।

बताया जाता है कि बेकाबू हुआ हाथी रामलीला में शामिल होने के लिए आजमगढ़ से लाया गया था। इस हाथी पर सवार होकर काशीराज परिवार के डॉ. अनंत नारायण सिंह के पुत्र रामलीला देखते हैं। रविवार को आयोजन के दौरान हाथी के अचानक बेकाबू होने से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। महावत को पटककर घायल करने के बाद हाथी को नियंत्रित करना चुनौती बन गया।




