IIT (BHU) में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के अंतरिम फोरम का चुनाव संपन्न, गोपाल यादव बने अध्यक्ष
वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-BHU) में गैर-शैक्षणिक समूह 'ख' एवं 'ग' कर्मचारियों के अंतरिम फोरम के गठन के लिए शुक्रवार को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हुआ। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले मतदान में कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक मतगणना की गई, जिसके पश्चात निर्वाचन अधिकारियों ने विजयी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
चुनाव परिणाम के अनुसार तकनीकी अधीक्षक गोपाल यादव को 164 मत प्राप्त हुए और वे अंतरिम फोरम के अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं कनिष्ठ अधीक्षक विभूति नारायण 42 मत हासिल कर उपाध्यक्ष चुने गए। सचिव पद पर धीरेंद्र कुमार पांडेय, संयुक्त सचिव पद पर कमलेश यादव तथा कोषाध्यक्ष पद पर नवनीत कुमार पाण्डेय ने जीत दर्ज की।
फोरम के सदस्य पदों के लिए भी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक मतदान किया। प्रशासनिक वर्ग से रवि गर्ग और अतुल सदस्य निर्वाचित हुए, जबकि तकनीकी वर्ग का प्रतिनिधित्व आंजनेय कुमार और अजय कुमार पटेल करेंगे। चुनाव परिणाम घोषित होते ही परिसर में खुशी का माहौल बन गया। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाइयां खिलाकर बधाई दी। कर्मचारियों ने एक-दूसरे का अभिवादन करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया।
संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि अंतरिम फोरम कर्मचारियों और संस्थान प्रशासन के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों के संरक्षण, उनकी समस्याओं के समाधान तथा संस्थान के समग्र विकास के लिए यह फोरम सकारात्मक और रचनात्मक ढंग से कार्य करेगा।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होने पर कर्मचारियों ने निर्वाचन व्यवस्था की सराहना की। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भी सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे कर्मचारियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संस्थान प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएंगे।

