तरना-गिलट बाजार मार्ग पर हादसे रोकने की कवायद, कट पर लगेंगी रंबल स्ट्रिप्स, डीसीपी ने किया निरीक्षण, कैटआई और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। तरना फ्लाईओवर से गिलट बाजार मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस और संबंधित विभागों ने सुरक्षा उपायों की कवायद शुरू कर दी है। दो दिन पहले इसी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में हुई मौत के बाद पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार को मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों और डिवाइडर के कट वाले हिस्सों को चिन्हित कर वहां आवश्यक यातायात सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए।

कट वाले स्थानों पर लगेंगी रंबल स्ट्रिप्स
निरीक्षण में सामने आया कि तरना फ्लाईओवर से गिलट बाजार मार्ग पर कई ऐसे स्थान हैं, जहां कट होने के कारण वाहनों की आवाजाही और गति नियंत्रण की जरूरत है। इन स्थानों पर जल्द ही रंबल स्ट्रिप्स लगाने का निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य वाहन चालकों को पहले से सचेत करना और संवेदनशील स्थानों के नजदीक वाहनों की गति कम कराना है। रंबल स्ट्रिप्स के साथ कैटआई भी लगाए जाएंगे। इससे रात के समय सड़क और संवेदनशील स्थान वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकेंगे। पुलिस और पीडब्ल्यूडी की टीम ने सड़क की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

‘दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र’ के बोर्ड लगेंगे
फ्लाईओवर के मध्य डिवाइडर और बैरियर में बने कट वाले स्थानों पर ‘दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र’ और ‘गति कम करें’ जैसे चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार अन्य रोड सेफ्टी साइन और यातायात सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन उपायों का उद्देश्य वाहन चालकों को संवेदनशील स्थानों की जानकारी समय रहते देना, गति नियंत्रित कराना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। संबंधित विभागों को चिन्हित स्थानों पर आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में हुए निरीक्षण के दौरान डीसीपी के साथ एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक, यातायात निरीक्षक अनुराग त्यागी, शिवपुर थाना प्रभारी, गिलट बाजार और तरना चौकी प्रभारी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this story