दुर्गा पूजा को लेकर नगर निगम अलर्ट, पंडालों के आसपास नहीं रहेंगे डार्क स्पॉट और गड्ढे

WhatsApp Channel Join Now

नगर आयुक्त ने सफाई, प्रकाश, जलनिकासी और सड़क मरम्मत के दिए निर्देश, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

वाराणसी। आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए नगर निगम ने शहर में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सफाई, मार्ग प्रकाश, पेयजल, जलनिकासी और सड़कों की मरम्मत समेत सभी बुनियादी सुविधाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही पर जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा है।

नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित होने वाले दुर्गा पूजा पंडालों की सूची तैयार कर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर पंडालों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को पंडालों के आसपास प्रतिदिन निरीक्षण कर नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। पंडालों के पास अतिरिक्त डस्टबिन रखने के साथ चूना और एंटी-लार्वा का छिड़काव भी कराया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि भीड़ के दौरान भी सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो।

मार्ग प्रकाश विभाग को पंडालों और प्रमुख आवागमन मार्गों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का लक्ष्य है कि पूजा पंडालों के आसपास किसी भी स्थान पर अंधेरा या डार्क स्पॉट न रहे। वहीं, सिविल विभाग को पंडालों तक जाने वाली सड़कों के गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत समय से कराने को कहा गया है।

संभावित बारिश को देखते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों को पहले से चिह्नित कर नालियों और गली पिटों की सफाई कराने तथा पंपिंग व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। जलकल विभाग को पंडाल क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और सीवर संबंधी शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने को कहा गया है। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर फोटोग्राफ सहित अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

Share this story