मिर्जामुराद में खड़े ट्रक में घुसा डंपर, चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी घायल हो गया। यह हादसा मेहंदीगंज रिंग रोड पर हुआ।

मिर्जापुर जिले के सोनपुर निवासी अजय पाल (22) और महेंद्र पाल (46) पत्थर लदी डंपर लेकर गोरखपुर जा रहे थे। इसी दौरान हरहुआ की ओर बढ़ते समय सड़क किनारे पहले से टायर फटने के कारण खराब हालत में खड़ी ट्रक में डंपर अनियंत्रित होकर पीछे से जा टकराया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अजय पाल केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार सुबह अजय पाल ने दम तोड़ दिया, जबकि सहचालक महेंद्र पाल का उपचार जारी है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अजय पाल अविवाहित था और उसकी शादी करीब एक महीने बाद तय थी। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Share this story