दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा का किया दुग्धाभिषेक, सनातन संस्कृति और राष्ट्रवाद का दिया संदेश
वाराणसी। प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र की ओर से मां गंगा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन और दुग्धाभिषेक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान घाट पर भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक आस्था का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने किया। वैदिक विधि-विधान से सम्पन्न इस आयोजन में मां गंगा की आरती, पूजन और दुग्धाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर एकजुट होकर सनातन संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल और सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक भारतीय जनता पार्टी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में वर्षों बाद सनातन संस्कृति और हिंदू समाज को सम्मान और स्वतंत्र वातावरण प्राप्त हुआ है। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भूपेंद्र यादव और सुनील बंसल के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक चेतना को नई मजबूती मिली है।
कार्यक्रम के दौरान उन कार्यकर्ताओं के योगदान को भी सराहा गया, जिनके प्रयासों और संघर्ष से पश्चिम बंगाल में भाजपा को मजबूती मिली। नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्पण और संगठन की एकजुटता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। पूरे आयोजन का संचालन ओमप्रकाश यादव ‘बाबू’ और राजेश दुबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विकास यादव और नवीन कसेरा ने दिया। कृष्णकांत जी के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम में धीरेंद्र शर्मा, शंकर जायसवाल, चन्द्र विजय सिंह, कुलदीप वर्मा, संजय गुप्ता, राहुल श्रीवास्तव, सुनील शर्मा, अखिल वर्मा, राहुल जायसवाल, धर्मचंद, विजय सिंह, अमित, भोला, रवि, राजेश, प्रदीप कुमार, गोपाल जी, मनीष चौरसिया, मंगलेश जायसवाल और प्रदीप जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

