बरेका आरपीएफ की सतर्कता से महिला का डेढ़ लाख का सामान वापस, सड़क पर मिला था पर्स

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की सतर्कता और मानवीय पहल से एक महिला यात्री का गुम हुआ कीमती पर्स सुरक्षित वापस मिल गया। पर्स में नकदी, सोने की चेन, चांदी की पायल और परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड समेत करीब 1.50 लाख रुपये का सामान था। सामान वापस मिलने पर महिला ने आरपीएफ कर्मियों का आभार जताया।

बरेका आरपीएफ पोस्ट प्रशासन के क्षेत्राधिकार में शुक्रवार को नियमित गश्त के दौरान उप निरीक्षक लवकुश प्रसाद और कांस्टेबल अजय कुमार विश्वकर्मा को सुबह करीब 7:20 बजे नाथूपुर पोटा केबिन के सामने सड़क पर एक लेडीज हैंड पर्स लावारिस अवस्था में पड़ा मिला। जवानों ने पर्स को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसमें उपलब्ध मोबाइल नंबर के माध्यम से संबंधित महिला से संपर्क किया।

महिला ने बातचीत में बताया कि उसका पर्स उक्त स्थान पर गिर गया था। इसके बाद महिला के बरेका-कैंट क्षेत्र में पहुंचने पर आरपीएफ कर्मियों ने उसकी पहचान और पर्स में रखे सामान का सत्यापन किया। जांच के दौरान पर्स में 1,390 रुपये नकद, करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन, चांदी की पायल, परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी सामान मिला। सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई।

सामान और महिला की पहचान का मिलान करने के बाद सुरक्षा स्टाफ नागेंद्र चौबे की मौजूदगी में नियमानुसार सुपुर्दगी नामा तैयार कराया गया। इसके बाद पूरा सामान महिला को सुरक्षित सौंप दिया गया। कीमती सामान वापस मिलने पर महिला ने आरपीएफ के प्रति आभार जताया और जवानों के कार्य की सराहना की। संयोग से जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत के दिन सामान वापस मिलने पर महिला ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की।

Share this story