पश्चिमी विक्षोभ के असर से वाराणसी में लुढ़का पारा, गर्मी से मामूली राहत, जानिये आगे के मौसम का हाल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से काशी में मौसम ने अचानक करवट ली है। रविवार को शहर में तेज हवाओं के साथ कहीं बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

123

मौसम विभाग के अनुसार, वाराणसी का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। वहीं रुक-रुक कर पूरवा हवा भी चलने से वातावरण में नमी बनी रही।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह परिवर्तन देखने को मिला है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 16 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं 21 मार्च तक प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। फिलहाल मौसम में नरमी रहने से लोगों को बढ़ती गर्मी से अस्थायी राहत मिली है।

Share this story