पुलिस चौकी से सीज डंपर लेकर फरार हुआ चालक, मिर्जामुराद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र की कछवारोड पुलिस चौकी से एक सीज डंपर को लेकर चालक के फरार हो जाने का मामला सामने आया है। चौकी परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़ा किया गया डंपर देर रात चालक अपने खलासी के साथ लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीआरडी जवान की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कछवारोड पुलिस चौकी पर तैनात पीआरडी जवान सुभान कुमार की ड्यूटी रात्रि निगरानी में लगी थी। चौकी परिसर में डंपर संख्या BR45GB3497 को पूर्व में कार्रवाई करते हुए सीज कर खड़ा कराया गया था। बताया गया कि डंपर चालक अंकित यादव पुत्र बुल्लू यादव निवासी भटौनी, थाना रामगढ़, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से यह कहकर रुका था कि वह अपने खलासी के साथ वाहन की निगरानी करेगा।
आरोप है कि चालक ने इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए 29 मई की रात करीब 12:40 बजे अपने खलासी के साथ सीज डंपर को चौकी परिसर से निकाल लिया और फरार हो गया। घटना उस समय सामने आई जब ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों ने वाहन को निर्धारित स्थान पर नहीं पाया। इसके बाद चौकी प्रभारी को तत्काल सूचना दी गई और उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल वाहन की तलाश शुरू कर दी। आसपास के संभावित मार्गों पर जांच-पड़ताल की जा रही है तथा विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार चालक और डंपर की लोकेशन का पता लगाया जा सके।
पीआरडी जवान सुभान कुमार की लिखित तहरीर के आधार पर मिर्जामुराद पुलिस ने चालक अंकित यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक और वाहन की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया गया है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

