जलजमाव से राहत के लिए रात में भी होगी नालों की सफाई, नगर आयुक्त ने गिरी नगर, सुसुवाही और साकेत नगर का किया निरीक्षण, अतिरिक्त पंप लगाने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सुसुवाही क्षेत्र में जलजमाव की समस्या को लेकर जनता के आक्रोश के बाद नगर निगम प्रशासन जागा। नगर निगम ने जल निकासी व्यवस्था को और तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर मौके पर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

123

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बारिश के पानी के साथ बहकर आने वाला फ्लोटिंग मैटेरियल यानी तैरता कचरा और प्लास्टिक नालों तथा नालियों के मुहाने पर जमा होकर जल निकासी में बाधा उत्पन्न कर रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फ्लोटिंग मैटेरियल हटाने के लिए रात में भी नालों की विशेष सफाई कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल निकासी के मार्ग में किसी भी प्रकार की रुकावट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने विवेकानन्दपुरम कॉलोनी (सुसुवाही), गिरी नगर कॉलोनी (बिरदोपुर) और महमूरगंज स्थित साकेत नगर कॉलोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान गिरी नगर कॉलोनी में जलजमाव की स्थिति को देखते हुए उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों को रात में ही नाले की विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को नालियों की मुकम्मल सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बारिश के पानी का बहाव तेजी से हो सके।

123

सुसुवाही क्षेत्र में जल निकासी की गति बढ़ाने के लिए नगर आयुक्त ने मौके पर ही एक अतिरिक्त पंप तत्काल लगाने का आदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंपों के माध्यम से पानी निकालने का कार्य लगातार जारी रखा जाए और जलजमाव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। नगर निगम की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में पहले से ही पंप लगाकर जल निकासी का कार्य कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद सुरेश पटेल, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित नगर निगम और जलकल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story