भाजपा महानगर कार्यालय में मना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा, नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय गुलाब बाग में मंगलवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत कार्यकर्ता सम्मेलन एवं नवनियुक्त प्रदेश एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों और देश की एकता एवं अखंडता के लिए उनके योगदान को याद किया गया। सम्मेलन के बाद नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल और क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया का सम्मान भी किया गया।

पुष्पांजलि के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के साथ हुई। स्वागत भाषण में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित और भारत की एकता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में परमिट व्यवस्था का विरोध करते हुए डॉ. मुखर्जी ने "एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे" का नारा दिया और राष्ट्र की एकता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 हटाकर उनके सपनों को साकार किया गया।

मुख्य अतिथि ने बताया डॉ. मुखर्जी का योगदान
मुख्य अतिथि एवं भाजपा काशी क्षेत्र के प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बचपन से ही मेधावी, राष्ट्रवादी और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पित थे। उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय चेतना को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि विभाजन के समय पश्चिम बंगाल को पाकिस्तान में शामिल होने से बचाने में डॉ. मुखर्जी की भूमिका ऐतिहासिक रही। उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ अभिनंदन
सम्मेलन के बाद नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल और क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया का भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने अंगवस्त्र, माल्यार्पण और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी दोनों नेताओं का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

बड़ी संख्या में जुटे पदाधिकारी और कार्यकर्ता
कार्यक्रम का संचालन महानगर महामंत्री नवीन कपूर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश जगदीश त्रिपाठी ने दिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, शिव शरण पाठक, शिवांग दुबे, राहुल सिंह, अरविंद सिंह, चंद्रशेखर उपाध्याय, आत्मा विश्वेश्वर, प्रीति सिंह, प्रज्ञा पाण्डेय, गीता शास्त्री, मनोज सोनकर, अनुराग शर्मा, पुन्नूलाल बिंद, मधुकर चित्रांश, शोभनाथ मौर्य, अखिलेंद्र सिंह 'सनी', प्रमील पाण्डेय, रणंजय सिंह, हीरा यादव, अवधेश राय, रजत जायसवाल, पवन अग्रवाल, राकेश जायसवाल, अविनाश पाण्डेय, बबलू सेठ, अभिषेक श्रीवास्तव, अनिल तिवारी, जितेंद्र पटेल, राहुल मिश्रा, राजीव सिंह 'डब्बू' सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

