BHU न्यूरोलॉजी विभाग की डॉ. प्रिया देव को मिली यूरोपीय संघ की प्रतिष्ठित फ़ेलोशिप, तीन वर्ष तक स्वीडन और ब्रिटेन में करेंगी शोध

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस) की शोधार्थी एवं सीएसआईआर पोस्ट-डॉक्टोरल फेलो डॉ. प्रिया देव का चयन यूरोप की प्रतिष्ठित साइलाइफलैब पल्स फ़ेलोशिप के लिए हुआ है। यूरोपीय संघ के होराइज़न यूरोप प्रोग्राम के अंतर्गत मैरी स्क्लोडोव्स्का-क्यूरी एक्शन्स (एमएससीए-कोफंड) द्वारा सह-वित्तपोषित यह फ़ेलोशिप विश्व की प्रतिष्ठित पोस्ट-डॉक्टोरल शोध योजनाओं में शामिल है। इस उपलब्धि से बीएचयू और चिकित्सा विज्ञान संस्थान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

स्वीडन और ब्रिटेन के विश्वस्तरीय संस्थानों में करेंगी शोध
डॉ. प्रिया देव वर्तमान में चिकित्सा विज्ञान संस्थान के न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. अभिषेक पाठक के मार्गदर्शन में पोस्ट-डॉक्टोरल शोध कार्य कर रही हैं। इस फ़ेलोशिप के तहत वे अगले तीन वर्षों तक ओरेब्रो यूनिवर्सिटी, स्वीडन तथा यूरोपियन मॉलेक्यूलर बायोलॉजी लेबोरेटरी–यूरोपियन बायोइन्फॉर्मेटिक्स इंस्टीट्यूट (ईएमबीएल-ईबीआई), यूनाइटेड किंगडम में उन्नत जैव-चिकित्सीय और बायोइन्फॉर्मेटिक्स अनुसंधान करेंगी।

युवा वैज्ञानिकों को वैश्विक मंच देने वाली प्रतिष्ठित फ़ेलोशिप
साइलाइफलैब पल्स फ़ेलोशिप को यूरोप की सबसे प्रतिष्ठित पोस्ट-डॉक्टोरल फ़ेलोशिप योजनाओं में गिना जाता है। इसका उद्देश्य उत्कृष्ट युवा वैज्ञानिकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध, प्रशिक्षण, नवाचार और बहुविषयी सहयोग के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय के साथ मिलकर अत्याधुनिक अनुसंधान कर सकें।

बीएचयू के लिए गर्व की उपलब्धि
इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. अभिषेक पाठक ने कहा कि डॉ. प्रिया देव की सफलता उनकी वैज्ञानिक प्रतिभा, कठिन परिश्रम और उत्कृष्ट अनुसंधान के प्रति समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह केवल डॉ. प्रिया की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि न्यूरोलॉजी विभाग और चिकित्सा विज्ञान संस्थान, बीएचयू के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनका शोध अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग को और मजबूत करेगा तथा जैव-चिकित्सीय विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

बीएचयू की शोध उत्कृष्टता को मिली वैश्विक पहचान
डॉ. प्रिया देव का चयन बीएचयू की शोध गुणवत्ता और वैश्विक शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण माना जा रहा है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि विश्वविद्यालय के युवा शोधकर्ता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी वैज्ञानिक क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन कर रहे हैं और वैश्विक शोध संस्थानों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

Share this story