सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम सख्त, खराब रैंकिंग वाले विभागों को अल्टीमेटम, जल्द करें सुधार वरना कार्रवाई को रहें तैयार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री की सर्वोच्च विकास प्राथमिकताओं एवं सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रदर्शन, विकास परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान सीएम डैशबोर्ड पर खराब श्रेणी में शामिल विभागों और इंडिकेटरों पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ गुणवत्ता में सुधार कर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी।

जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा में डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। वहीं परियोजना निदेशक डीआरडीए को जीरो पॉवर्टी के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग को नई सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण तथा सड़क अनुरक्षण के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जननी सुरक्षा योजना, जल जीवन मिशन (ग्रामीण), फैमिली आईडी, पोषण अभियान, पर ड्रॉप मोर क्रॉप, ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना, सीएमआईएस तथा आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की भी समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन विभाग, स्वच्छ भारत मिशन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभार्थीपरक योजनाओं को लक्ष्य के अनुरूप समय पर पूरा किया जाए और आमजन की शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निपटाया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story