स्कूल चलो अभियान को लेकर डीएम सख्त : 3 से 6 साल के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्कूल चलो अभियान के तहत 3 से 6 वर्ष के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष हर हाल में नामांकन बढ़ाया जाए और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
जिला शिक्षा एवं परियोजना समिति की बैठक में समीक्षा
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं परियोजना समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को विभिन्न बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए गए।

दो चरणों में चलेगा अभियान, जनसंपर्क पर जोर
जिलाधिकारी ने बताया कि स्कूल चलो अभियान 1 से 15 अप्रैल और 1 से 15 जुलाई तक दो चरणों में चलाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अभिभावकों को जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन हो सके।

ड्रॉपआउट बच्चों की सूची तैयार करने के निर्देश
डीएम ने बीएसए को निर्देश दिया कि विकासखंड, स्कूल और कक्षावार ड्रॉपआउट बच्चों का पूरा आंकड़ा तैयार किया जाए। खासतौर पर कक्षा 2 से 5 के बीच स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की जानकारी जुटाकर उन्हें दोबारा शिक्षा से जोड़ा जाए।
डीबीटी और प्रमाणपत्रों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ने डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांग बच्चों के मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा। लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं और गुणवत्ता पर फोकस
डीएम ने पीएम श्री योजना के तहत विद्यालयों में हो रहे कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही बालक-बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण जल्द पूरा कराने, सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय और सीएम अभ्युदय योजना की भी समीक्षा की।

निपुण लक्ष्य के तहत शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर जोर
जिलाधिकारी ने सभी बच्चों का मूल्यांकन सुनिश्चित करने और उन्हें निपुण बनाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। निपुण प्लस ऐप पर सही मूल्यांकन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। साथ ही एआरपी को स्कूलों में जाकर शैक्षणिक सहयोग देने और कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों में निरीक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए।
असाक्षर वयस्कों को साक्षर बनाने की पहल
बैठक में 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए ग्रीन आर्मी की महिलाओं का सहयोग लेने का निर्देश भी दिया गया।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, बीएसए अनुराग श्रीवास्तव सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

