सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, अधिक चालान वाले वाहन होंगे सीज, बिना सर्विस लेन पेट्रोल पंपों को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिला सड़क सुरक्षा समिति और जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में प्रवर्तन कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट के सुधार, स्कूली वाहनों की फिटनेस और सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देश दिया कि निलंबित या नोटिस जारी किए गए वाहन वास्तव में वाहन मालिक के पास हैं अथवा सड़कों पर संचालित हो रहे हैं, इसकी जांच कर सूची उपलब्ध कराई जाए। अधिक चालान वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें सीज करने और ऐसे वाहन चालकों को चिह्नित कर उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश दिए। अब तक सीज किए गए वाहनों का एडीएम सिटी से सत्यापन कराने को भी कहा।

स्कूली वाहनों की सुरक्षा की समीक्षा करते हुए डीएम ने बिना फिटनेस प्रमाणपत्र या नियमों के विपरीत संचालित वाहनों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच और जिला परमिट की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी कराने को कहा। दुर्घटनाओं के कारणों की जांच के साथ सड़क निर्माण एवं इंजीनियरिंग से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के भी निर्देश दिए। इस महीने हुई सभी सड़क दुर्घटनाओं की जांच एडीएम सिटी के माध्यम से कराने को कहा गया।

ब्लैक स्पॉट के सुधार के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाली सड़कों पर स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, साइनेज और चेतावनी बोर्ड जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित न करने वाले पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई के अभियंताओं को नोटिस जारी करने का निर्देश सीडीओ को दिया गया।

डीएम ने बिना सर्विस लेन वाले पेट्रोल पंपों को नोटिस जारी करने के लिए एडीएम सिटी को निर्देशित किया। अस्पताल, बैंक और होटल के सामने भी सर्विस लेन तथा यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। कैंट स्टेशन पर बसों को व्यवस्थित करने और फ्लाईओवर के नीचे बस खड़ी न होने देने के निर्देश एआरएम को दिए।

बिना अनुमति हाईवे से जुड़े मैरिज लॉन को नोटिस जारी करने को कहा गया। साथ ही हिट एंड रन दुर्घटनाओं में पात्र पीड़ितों तक दो लाख रुपये की प्रतिकर राशि पहुंचाने तथा राह-वीर योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, एडीएम सिटी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story