जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन में जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें स्वयं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर आवश्यक निर्देश दिए और शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उसका समाधान इस प्रकार किया जाए कि शिकायतकर्ता को बार-बार जिला या तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण पूरी तरह संतोषजनक होना चाहिए। यदि किसी मामले में गलत या भ्रामक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जनता दर्शन के दौरान डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनें और गंभीर मामलों में स्वयं मौके पर जाकर समाधान कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में संबंधित शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद स्थापित कर समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

Share this story