डीएम ने होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज व करखियांव पर्यटन परियोजना का किया निरीक्षण, निर्माण में तेजी के दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को निर्माणाधीन राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल (गड़खरा) तथा पिंडरा क्षेत्र के करखियाँव गांव में चल रही विकास परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए।

123

निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अभियंताओं ने बताया कि 100 सीट वाले अकादमिक ब्लॉक में ग्रेड स्लैब, कॉलम कास्टिंग और भूतल स्लैब का कार्य प्रगति पर है। वहीं अस्पताल, छात्रावास और आवासीय भवनों के प्लिंथ बीम सहित कई संरचनात्मक कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि बाउंड्री वॉल का निर्माण जारी है।

123

डीएम ने निर्देश दिया कि कॉलेज परिसर में छात्रों के लिए खेल मैदान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और इसके लिए आसपास की सरकारी भूमि का सर्वे कर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, आसपास के अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कॉलेज के सामने स्थित गौशाला को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने तथा मुख्य सड़क से संपर्क मार्ग के निर्माण को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए।

123

इसके बाद जिलाधिकारी ने पिंडरा क्षेत्र के करखियाँव गांव का निरीक्षण कर वहां प्रस्तावित ईको-टूरिज्म योजना की समीक्षा की। उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण, पाथवे निर्माण, वृक्षारोपण, जेटी स्थापना और म्यूजिकल फाउंटेन विकसित करने के लिए विस्तृत एस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क क्षेत्र में जल निकासी की समस्या के समाधान हेतु पुल निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के अभियंता उपस्थित रहे।

Share this story