डीएम ने गंजारी क्रिकेट स्टेडियम की प्रगति का जाना हाल, तेजी के दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को गंजारी में करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर परियोजना अधिकारी ने बताया कि स्टेडियम में अब केवल डमरू परियोजना का कार्य शेष है, जिसे 15 अक्टूबर तक पूरा कराने का लक्ष्य है। अन्य अधिकांश कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं।

अधिकारियों ने बताया कि वीआईपी/दक्षिण मंडप तथा पश्चिम और पूर्व मंडप का निर्माण पूरा हो चुका है। मीडिया सेंटर और आंतरिक कार्य भी पूरे किए जा चुके हैं। खेल मैदान में घास लगाने का काम भी पूरा हो गया है। वहीं बाह्य विकास के 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरे हो चुके हैं, जिन्हें सितंबर तक पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

डीएम ने स्टेडियम के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के साथ निर्माण मानकों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों में तेजी लाने, नियमित निगरानी करने और निर्माण की प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना के सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि स्टेडियम को निर्धारित समय पर तैयार किया जा सके।

Share this story