डीएम ने पौधारोपण, गंगा स्वच्छता अभियान का जाना हाल, अफसरों को दिए सख्त निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जनपद को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, गंगा स्वच्छता, वायु प्रदूषण नियंत्रण और वृक्षारोपण कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान नगर निगम द्वारा संचालित चार-स्तरीय वेस्ट सेग्रीगेशन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बताया गया कि शहर में 30 हजार डस्टबिन वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा लिगेसी वेस्ट के निस्तारण, ई-वेस्ट प्रबंधन तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इन अभियानों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी ने 11 वाटर स्प्रिंक्लर और एक मिस्ट गन के नियमित संचालन पर विशेष जोर दिया। साथ ही शहर की सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए मैकेनाइज्ड स्वीपिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

जिला गंगा समिति की बैठक में अस्सी घाट पर प्रस्तावित मैकेनाइज्ड पार्किंग, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क और वरुणा नदी में चल रहे डिसिल्टिंग कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

वहीं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में वर्ष 2026-27 के वृक्षारोपण लक्ष्यों, रोपण स्थलों की तैयारी तथा पूर्व वर्षों में लगाए गए पौधों की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पौधों की उत्तरजीविता दर बढ़ाने पर जोर देते हुए सूख चुके पौधों के स्थान पर पुनः पौधारोपण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व है। सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें और हरित आवरण बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story