मंडलायुक्त ने एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा की, आयल कंपनियों के प्रतिनिधियों से ली जनकारी, उपभोक्ताओं के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव, विशेषकर ईरान-इज़राइल संघर्ष के मद्देनज़र जनपद में एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने गुरुवार को अहम बैठक की। इस बैठक में तीनों प्रमुख ऑयल कंपनियों-इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मण्डलीय व एरिया अधिकारियों के साथ गेल (इंडिया) लिमिटेड और जिला पूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है, हालांकि बुकिंग बैकलॉग के चलते डिलीवरी में कुछ देरी हो रही है। वहीं, व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति मांग और प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सभी सेल्स ऑफिसर नियमित रूप से गैस गोदामों का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी उपभोक्ता को कम वजन का सिलेंडर न मिले। साथ ही, गेल (इंडिया) को पीएनजी आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं के लिए पोर्टल पर तत्काल अपडेट कर एक्नॉलेजमेंट रसीद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार पर तुरंत कार्रवाई की जाए और वास्तविक समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। वाराणसी में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को देखते हुए होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को गैस आपूर्ति में प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
• इंडेन गैस (IOCL): 7004147913, 9140213317
• भारत गैस (BPCL): 8960895554
• हिंदुस्तान गैस (HPCL): 8655436745

