मंडलायुक्त ने काशीवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना, एकता, सद्भाव और विकसित भारत के संकल्प का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने वाराणसी मंडल के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव, एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर बताया।

मंडलायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, बलिदान एवं संघर्ष की याद दिलाता है। यह पर्व नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने मंडलवासियों से अपील की कि वे देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और प्रदेश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सभी को मिलकर ऐसे भारत के निर्माण के लिए प्रयास करना चाहिए, जो विकास के साथ सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का भी उदाहरण बने।

मंडलायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की भावना को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए इसे राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी से जोड़ना चाहिए।

उन्होंने वाराणसी मंडल की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष भगवान बुद्ध के प्रथम प्रवचन स्थल सारनाथ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया जाना पूरे मंडल के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विरासत संबंधी समृद्धि के साथ उसकी प्रभावशाली क्षमता को भी दर्शाती है।

मंडलायुक्त ने नागरिकों से आह्वान किया कि देशप्रेम की सर्वसमावेशी भावना के साथ सभी लोग स्वतंत्र भारत को विकसित भारत बनाने की राष्ट्रीय साधना में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, सामाजिक सद्भाव और जिम्मेदार नागरिकता के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति को नई गति दी जा सकती है।

Share this story