रोपवे निर्माण की धीमी गति पर मंडलायुक्त नाराज, 25 तक कैंट स्टेशन का काम पूरा करने के दिए निर्देश
वाराणसी। रोपवे निर्माण की धीमी प्रगति को लेकर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था को तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को मंडलायुक्त ने रोपवे परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। परियोजना की करीब 94.35 प्रतिशत प्रगति के बावजूद कई महत्वपूर्ण कार्य अधूरे मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कैंट स्टेशन के ऊपरी पैदल पुल और रोपवे से जुड़े अन्य कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने पैदल पुल का काम 25 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, कैंट स्टेशन के अन्य कार्यों को हर हाल में 31 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा। मंडलायुक्त ने स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा से जुड़े कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने प्लेटफार्मों पर साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
पानी की निकासी और पत्थर बिछाने का काम तेज करने को कहा
रथयात्रा स्टेशन के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने जलकल विभाग से समन्वय कर सीवर और जलापूर्ति से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। उन्होंने स्टेशन परिसर में पानी की निकासी का काम 15 सितंबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए पत्थर बिछाने का काम भी शीघ्र पूरा करने को कहा।
मंडलायुक्त ने गोदौलिया स्टेशन पर यात्रियों के उतरने और चढ़ने वाले हिस्से का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेशन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रोपवे परियोजना निदेशक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा कराने पर जोर दिया।

