आशापुर फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते डायवर्जन, एक जून तक यातायात प्रभावित
वाराणसी। आशापुर फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते यातायात में अस्थायी बदलाव किया गया है। फ्लाईओवर के बाहरी हिस्से पर स्थित एक्सपेंशन जॉइंट (गैप) की मरम्मत के लिए शुक्रवार रात से यातायात डायवर्जन लागू कर दिया गया है, जो 1 जून तक प्रभावी रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार फ्लाईओवर के एक हिस्से पर रात में मरम्मत कार्य शुरू किया गया है। यह कार्य 31 मई की सुबह 5 बजे तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। मरम्मत के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहनों के आवागमन में परिवर्तन किया गया है।
एडीसीपी यातायात के अनुसार गाजीपुर और सैदपुर की ओर से आने वाले वे सभी वाहन, जिन्हें पहड़िया मंडी या शहर क्षेत्र की ओर जाना है, उन्हें आशापुर से सीधे फ्लाईओवर पर चढ़ने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे सर्विस लेन से होकर गुजरना होगा और पहड़िया मंडी चौराहे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
वहीं, शहर से गाजीपुर और सैदपुर की दिशा में जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहन पहड़िया मंडी से आशापुर तिराहे तक सर्विस लेन का उपयोग करेंगे और वहां से अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।

