जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनी लोगों की फरियाद, अधिकारियों को दिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें रखीं। जिलाधिकारी ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर तत्काल वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान राजस्व, पुलिस, नगर निगम, विद्युत, जल आपूर्ति, भूमि विवाद, पेंशन, आवास और सामाजिक कल्याण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को शासन की मंशानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं है।

