मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए डिस्ट्रिक्ट कॉल सेंटर शुरू, सुबह नौ से रात 10 बजे तक रहेगा सक्रिय
वाराणसी। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, पता बदलवाने, नाम, उम्र और जन्मतिथि जैसी गलतियों को ठीक कराने के लिए अब मतदाताओं को भटकना नहीं पड़ेगा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट कॉल सेंटर बनाया गया है। मतदाता सुबह नौ बजे से रात 10 बजे तक हेल्पलाइन नंबर 0542-1950 पर फोन कर निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने के साथ अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम (प्रशासन) व अपर जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि मतदाता हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर निर्वाचन संबंधी जानकारी हासिल कर सकते हैं। यह सुविधा प्रतिदिन सुबह नौ बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेगी। मतदाता अपने मोबाइल या लैपटॉप से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन से संबंधित आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
तीन तरह के फॉर्म से होगा काम
एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले और मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं होने वाले युवा फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ आयु और पते का प्रमाण तथा नवीनतम रंगीन फोटो लगानी होगी। मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, लिंग अथवा जन्मतिथि में गलती होने पर फॉर्म-8 भरना होगा। इसे ऑनलाइन या संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा किया जा सकता है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज आपत्तिजनक या गलत प्रविष्टि को हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरने की सुविधा है।
पहचान पत्र संख्या से भी मिलेगी जानकारी
मतदाता अपनी पहचान पत्र संख्या (ईपीआईसी) के जरिये मतदाता सूची में नाम, भाग संख्या, क्रम संख्या और मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और मतदाता सूची में अपनी प्रविष्टियों की जांच अवश्य कर लें।
28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और दर्ज विवरण में त्रुटियों को ठीक कराने के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी 3220 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, नाम, पता, आयु, लिंग और जन्मतिथि में सुधार के लिए फॉर्म-8 तथा किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 भरा जा सकेगा। विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी समेत अन्य अधिकारी बूथों का निरीक्षण करेंगे। बूथ पर बीएलओ की अनुपस्थिति मिलने पर संबंधित के खिलाफ निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

