अस्सी घाट पर नाव पर सवारी बैठाने को लेकर विवाद, मारपीट, चार पर मुकदमा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अस्सी घाट पर सवारी बैठाने को लेकर हुए विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान नाव संचालक और उसके ड्राइवर के साथ मारपीट की गई। मामले में भेलूपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार भदैनी-अस्सी क्षेत्र निवासी नाव संचालक अजय कुमार साहनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। तहरीर में उन्होंने गोरखनाथ साहनी उर्फ मुन्ना, शिवनारायण साहनी उर्फ बम-बम, नितिन साहनी और करन साहनी पर मारपीट, गाली-गलौज और लूटपाट का आरोप लगाया है।

अजय कुमार साहनी का कहना है कि रविवार सुबह उनका ड्राइवर अस्सी घाट पर सवारियों से बात कर रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंच गए और ड्राइवर के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने बीच-बचाव करते हुए इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मिलकर उन पर और उनके ड्राइवर पर हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों के साथ मारपीट शुरू हो गई, जिससे घाट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की सिकड़ी तोड़ ली और जेब में रखे करीब दस हजार रुपये भी छीन लिए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

इसी बीच इलाके में एक अन्य विवाद की सूचना भी सामने आई, जहां शिवाला घाट के पास आपसी कहासुनी के बाद मारपीट की घटना हुई। हालांकि दोनों घटनाओं में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

Share this story